जनपद चमोली में सेना, आईटीबीपी एवं अन्य विभागों से संबंधित भूमि मामलों के समाधान को लेकर सोमवार को जिला सभागार में सिविल मिलिट्री लाइजन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव कुमार ने की। बैठक का उद्देश्य लंबे समय से लंबित भूमि विवादों का समयबद्ध, पारदर्शी और समन्वयपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सेना, आईटीबीपी, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ भूमि विवाद, सीमांकन और अन्य लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आपसी तालमेल के साथ प्राथमिकता के आधार पर सभी मामलों का निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि मामलों में अनावश्यक देरी से प्रशासनिक और विकास कार्य प्रभावित होते हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विशेष रूप से औली क्षेत्र में भूमि सीमांकन से जुड़े मामलों पर गंभीरता से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी ज्योर्तिमठ, सेना, आईटीबीपी, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की एक संयुक्त टीम गठित कर मौके पर सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और विवादों का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी भूमि संबंधी प्रकरण शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ निस्तारित किए जाएं। साथ ही शासन स्तर पर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए नियमित रूप से अनुस्मारक भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी ज्योर्तिमठ चन्द्रशेखर वशिष्ठ, सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारी, राजस्व, पर्यटन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने भूमि मामलों के शीघ्र समाधान के लिए आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय बनाए रखने का आश्वासन दिया।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik