ऋषिकेश। पौड़ी गढ़वाल जिले के चीला क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट का लीज पर संचालन कर रहे नोएडा के कारोबारी नहर में कूदकर लापता हो गए हैं। जिन्हे तलाश करने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। वो एक नोट छोड़ गए हैं। इस मामले में मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर लक्ष्मणझूला थाना पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 27 अक्टूबर को नीरज गुप्ता की पत्नी विनीता गुप्ता (निवासी ग्रेटर नोएडा) ने कोतवाली लक्ष्मणझूला में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 28 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार मुकदमे में आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित अपराध का प्रावधान है। शिकायतकर्ता विनीता गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनके पति नीरज गुप्ता, लीज पर गंगा भोगपुर तल्ला स्थित रिजॉर्ट एंड स्पा का संचालन करते थे। रिजॉर्ट से संबंधित जमीन की खरीद फरोख्त और धनराशि के लेनदेन को लेकर दो व्यक्ति के साथ उनका विवाद चल रहा था।
पत्नी का आरोप है कि इस विवाद के कारण दोनों और अन्य लोगों ने उनके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर उनके पति ने आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने यह भी बताया कि नीरज गुप्ता अपने पीछे पांच पेज का नोट छोड़ गए हैं, जिसमें जीवनलीला समाप्त करने के कारण लिखे हैं। इस मामले में लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी सुर्य भूषण नेगी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहीं, मामले में धारा 108 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नीरज गुप्ता चीला क्षेत्र में पनाम्बी रिजॉर्ट के पीछे ही नहर में डूबकर लापता हो गए थे। घटनास्थल के पास नीरज गुप्ता के जूते और मोबाइल भी बरामद कर लिया है। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नीरज गुप्ता की तलाश कर रही हैं। नहर में कूदने से पहले वो पांच पन्नों का एक नोट छोड़कर गए थे। पत्नी विनीता गुप्ता की शिकायत पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik