ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 17, 2026 01:25 PM IST
  • Updated: March 17, 2026 01:26 PM IST
उत्तराखंड

हिंदू नववर्ष पर देहरादून में जगमगाएगा आस्था का दीपोत्सव, 21 सौ दीप होंगे प्रज्ज्वलित

देहरादून में हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर आस्था और उत्साह का भव्य दृश्य देखने को मिलेगा। उत्तराखंड ब्राह्मण समाज महासंघ द्वारा नववर्ष प्रतिपदा 2083 के उपलक्ष्य में 19 मार्च, गुरुवार को सायं 7 बजे रायपुर स्थित काली मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के पश्चात इक्कीस सौ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

महासंघ के इस विशेष आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि विगत वर्षों में यह कार्यक्रम स्थानीय घंटाघर परिसर में आयोजित होता रहा है, लेकिन इस बार प्रशासन से अनुमति न मिलने के कारण आयोजन स्थल को परिवर्तित कर काली मंदिर, रायपुर (थाने के समीप) में किया गया है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए महासंघ के अध्यक्ष पंडित रामप्रसाद गौतम ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी हिंदू नववर्ष को हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने ब्राह्मण बंधुओं एवं समस्त सनातन धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की।उन्होंने यह भी आग्रह किया कि सभी लोग नववर्ष प्रतिपदा की संध्या पर अपने घरों तथा निकटवर्ती मंदिरों में दीप जलाकर इस पर्व को प्रकाश और सकारात्मक ऊर्जा के साथ मनाएं।

इस भव्य दीपोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत किशनगिरी महाराज, महापौर सौरभ थपलियाल तथा पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा उपस्थित रहेंगे और पूजा-अर्चना संपन्न कराएंगे।इसके अतिरिक्त नगर के विभिन्न ब्राह्मण संगठनों एवं संस्थाओं को भी इस आयोजन में आमंत्रित किया जाएगा, जिससे यह आयोजन सामूहिक आस्था और एकता का प्रतीक बनेगा।

बैठक में नगर के अनेक ब्राह्मण प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें पंडित एस.पी. पाठक, पंडित रामप्रसाद गौतम, पंडित सुभाष चंद्र जोशी, पंडित शशि कुमार शर्मा, पंडित सोमदत्त शर्मा, पंडित सिद्धनाथ उपाध्याय तथा पंडित वी.डी. शर्मा प्रमुख रूप से शामिल थे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×