पिथौरागढ। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा पर आए मध्य प्रदेश के एक युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक को यात्रा के दौरान अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। उसे उपचार के लिए गुंजी स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद यात्रा पर आए अन्य साथियों में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान तिलक शर्मा (युवक) पुत्र मनोज शर्मा, निवासी 24 शटर गली, नगर निगम रोड के निकट, इंदौर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया कि तिलक शर्मा अपने दोस्तों के साथ आदि कैलाश की यात्रा पर आया था। यात्रा के दौरान आदि कैलाश क्षेत्र में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। साथियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल गुंजी अस्पताल पहुंचाया, यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इसके बाद मृतक का शव धारचूला लाया गया, जहां उसे राजकीय चिकित्सालय में रखा गया है। पुलिस के अनुसार मृतक के शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई जाएगी। इसके बाद शव अंतिम सुपुर्दगी के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में होने वाली सांस की समस्याओं के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा पर आए 3 श्रद्धालुओं की अब तक मौत हो चुकी है। इससे पहले भी पीएम सुधीर नाम के एक श्रद्धालु की वापसी में धारचूला पहुंचने पर तबीयत बिगड़ गई थी। इसके कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया था। वहीं हाई एल्टीट्यूड में ऑक्सीजन की कमी के कारण हार्ट अटैक का खतरा बना रहता है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik