ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 14, 2026 12:52 PM IST
  • Updated: March 14, 2026 12:52 PM IST
उत्तराखंड

उत्तराखंड में आपदा से निपटने की तैयारी: 16 से 18 मार्च तक सभी 13 जिलों में होगी बड़ी मॉक ड्रिल

उत्तराखंड में संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए राज्यभर में बड़ा अभ्यास होने जा रहा है। 16, 17 और 18 मार्च को प्रदेश के सभी 13 जिलों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन तंत्र की वास्तविक क्षमता का आकलन करना और उसे और मजबूत बनाना है।

यह मॉक ड्रिल उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) की देखरेख में आयोजित होगी। अभ्यास के दौरान भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्रमुख प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ कई अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। खास बात यह है कि यह अभ्यास केवल जिला मुख्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभिन्न तहसीलों में भी आयोजित किया जाएगा, ताकि तहसील स्तर पर भी आपदा प्रबंधन की वास्तविक स्थिति और संसाधनों की क्षमता का आकलन किया जा सके।

इस संबंध में सचिव विनोद कुमार सुमन ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि जिलों को इतना सक्षम बनाया जाए कि वे अपने संसाधनों के आधार पर भविष्य में नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित कर सकें। मॉक अभ्यास के दौरान कई संभावित आपदा परिदृश्यों पर कार्रवाई का अभ्यास किया जाएगा। इनमें भूकंप, वनाग्नि, भूस्खलन, अग्निकांड, जलभराव, बाढ़, मानव-वन्यजीव संघर्ष, नाव पलटना, बादल फटना, जलाशय विस्फोट, औद्योगिक दुर्घटना, एवलांच, भगदड़ और नदी में डूबने जैसी घटनाओं को शामिल किया गया है।

प्रशासन का मानना है कि इस तरह के अभ्यास से आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को तेज, प्रभावी और समन्वित बनाने में मदद मिलेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकेगा।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×