देहरादून। उत्तराखंड में लंबे समय से चले आ रहे शुष्क मौसम के बाद अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के कई पर्वतीय जनपदों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे फरवरी में बढ़ती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखंड पर्यटन गाइड मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब सहित आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर बर्फ की चादर बिछने की संभावना है। सोमवार को भी बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई थी।
प्रदेश के मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में सुबह के समय छिछले से मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हालांकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 12 फरवरी से प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
बीते दिनों शुष्क मौसम के चलते तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। दिन में तेज धूप से गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम ठंड बरकरार है। सोमवार को देहरादून में अधिकांश समय बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप निकलने से हल्की गर्माहट महसूस हुई।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik