ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 03, 2026 02:55 PM IST
राज्य

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे की सड़क धंसने पर प्रोजेक्ट मैनेजर समेत 2 सस्पेंड, कंपनी को नोटिस

देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। एनएचएआई ने टीम लीडर और प्रोजेक्ट मैनेजर को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, सीपीसी कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करके तीन दिन के अंदर अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है।
दरअसल, मामला दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से जुड़ा है, जहां गुरुवार को मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित खेड़ा मस्तान गांव के पास बारिश की वजह से सड़क बीच से धंस गई थी। इसके बाद वहां से गुजर रही एक यात्री की कार फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद पीड़ित ने गड्ढों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था और एक्स हैंडल के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण  के अधिकारियों से भी शिकायत की थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया, जिसके बाद एनएचएआई की टीम हरकत में आई और आनन-फानन में एक्सप्रेस-वे पर बने गड्ढों को भरवाया गया। वहीं, अब इस मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए टीम लीडर का काम संभाल रहे कुलदीप राजदान और ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर नागेंद्र पाल सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही चौतन्या प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी  प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इस मामले में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने के मामले में कार्रवाई की गई है। टीम लीडर का काम संभाल रहे कुलदीप राजदान और ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर नागेंद्र पाल सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, चौतन्या प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. जल्द और भी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×