ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: May 30, 2026 04:13 PM IST
  • Updated: June 01, 2026 04:15 PM IST
राज्य

लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत, दो अन्य घायल तुंगनाथ धाम क्षेत्र में मौसम का कहर

रूद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में शुक्रवार सायं अचानक आए तेज आँधी-तूफान ने दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। खराब मौसम और तेज हवाओं के बीच कई लोगों के फँसने की सूचना मिलते ही प्रशासन एवं राहत एजेंसियाँ तत्काल सक्रिय हो गईं।
जानकारी के अनुसार तुंगनाथ धाम क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आँधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान कुछ पर्यटक खराब मौसम में फँस गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने डीडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया।
रेस्क्यू टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए दो गंभीर घायलों को सुरक्षित निकालकर विभागीय वाहन के माध्यम से 108 एम्बुलेंस तक पहुँचाया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊखीमठ भेजा गया।
हादसे में लखनऊ निवासी दो सगे भाइयों अभिषेक वाजपेई और अभिनव वाजपेई पुत्र सजीत बाजपेई की मौत हो गई। वहीं लखनऊ निवासी राजन मिश्रा और उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला घायल हो गए, जिनका उपचार किया गया। थाना प्रभारी ऊखीमठ मनोज नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेज तूफान और अचानक बदले मौसम के कारण यह हादसा हुआ। मृतकों के शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया है।
घटना के बाद तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें तथा खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×