देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को लोक भवन में पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) के प्रतिनिधिमंडल से शिष्टाचार भेंट की और 13 से 15 दिसंबर तक होने वाली 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस में आमंत्रित किया।
राज्यपाल ने कहा कि पब्लिक रिलेशंस भारत की आत्मा, उसकी सांस्कृतिक मूल्यों और जन-भावनाओं को समझने तथा उन्हें सही रूप में अभिव्यक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत @ 2047” के संकल्प को साकार करने में जन संपर्क और प्रभावी कम्युनिकेशन की अनिवार्यता पर बल दिया।
राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक तकनीकों जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम टेक्नोलॉजी का उपयोग पब्लिक रिलेशंस क्षेत्र में तभी सार्थक होगा जब यह भारतीय समाज और संस्कृति से जुड़ा हो। उन्होंने सकारात्मक, तथ्यपूर्ण और जनहितकारी संचार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस वर्ष के अधिवेशन का मुख्य विषय “विकसित भारत @ 2047 में जनसंपर्क की भूमिका” रखा गया है, जिसमें देशभर से 300 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। अधिवेशन में उत्तराखण्ड के रजत जयंती वर्ष को ध्यान में रखते हुए राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, PRSI देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारनिया, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट और अन्य सदस्य उपस्थित थे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik