काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नशीली दवाओं का अवैध गोदाम पकड़ा है और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
18 नवंबर 2025 को एसआई हेम चंद्र तिवारी, एसआई मनोज सिंह धौनी (चौकी प्रभारी बांसफोड़ान), एसओजी प्रभारी सुनील सुतेड़ी और अन्य पुलिसकर्मी टांडा चौकी क्षेत्र में पैदल चेकिंग कर रहे थे।
हीना ब्यूटी पार्लर के पास एक युवक सफेद स्कूटी से पुलिस की ओर आता दिखा, लेकिन पुलिस को देखकर घबराहट में स्कूटी मोड़ने लगा और गिर गया। स्कूटी के साथ एक गत्ते की पेटी भी गिर गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक ठाकुर (24) निवासी ग्राम शक्तिखेड़ा, थाना भगतपुर (उ.प्र.) बताया। पेटी में रखी दवाओं के बारे में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसने और रिपुल चौहान निवासी कविनगर, काशीपुर ने मिलकर एक गोदाम किराए पर लिया है, जिसमें नशीली दवाओं का स्टॉक रखा गया है। दोनों मिलकर यह माल शहर व आसपास की जगहों पर बेचते थे।
सूचना पर औषधि निरीक्षक निधि शर्मा और शुभम कोटनाला मौके पर पहुंचे। मकान मालिक की मौजूदगी में पुलिस ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर जांच की।
गोदाम व आरोपी के पास से कुल मिलाकर बरामद हुए—
5000 इंजेक्शन
326 कफ सिरप
जो प्रतिबंधित श्रेणी की नशीली दवाओं में आते हैं।
पुलिस ने दीपक ठाकुर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 60, 8 में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है।
सह आरोपी रिपुल चौहान की तलाश जारी है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik