पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के निर्देशों के क्रम में तहसील परिसर में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने की, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
तहसील दिवस के दौरान राजस्व, पेयजल, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित कई शिकायतें सामने आईं। लोगों ने विशेष रूप से सड़क मरम्मत, जलापूर्ति, बिजली बाधित रहने, भूमि विवाद और पेंशन जैसी समस्याओं को उठाया।
अपर जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर प्रकरण का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी समयबद्ध तरीके से कार्य करें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत निपटाया जाए, जबकि अन्य मामलों में तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखने और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा और तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया, जिससे प्रशासन की जनसमस्याओं के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik