ऋषिकेश। श्यामपुर के भट्टोवाला क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का विरोध करने पर ग्रामीणों पर हुए जानलेवा हमले का ऋषिकेश पुलिस ने आधिकारिक तौर पर खुलासा कर दिया है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ऋषिकेश कोतवाली में मामले की जानकारी देते हुए सीओ तुषार बोरा ने बताया कि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के मुख्य आरोपी वसीम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक तमंचा, खाली खोखा और कारतूस बरामद किए है। इसके साथ ही प्रयुक्त की गई बिहार नंबर की मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
सीओ तुषार बोरा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी वसीम निवासी इस्लामपुर, बिहार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल उसके दो फरार साथियों, अनवर और आमिर, की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इन दिहाड़ी मजदूरों के पास यह अवैध हथियार कहां से आया है। सीओ के मुताबिक आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले है। वह ऋषिकेश के सभी इलाकों से भली-भांति परिचित हैं। क्योंकि वह लंबे समय से यहां पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करने का काम करते रहे है। उनके रिश्तेदार भी यहीं ऋषिकेश में रहते है। आरोपी ने श्यामपुर क्षेत्र में भी दिहाड़ी मजदूरी करने का काम किया है।
यह सनसनीखेज वारदात गुरुवार 4 जून को उस समय शुरू हुई जब बिहार नंबर की बाइक से आए तीन युवक सड़क किनारे बैठकर खुलेआम शराब पी रहे थे। स्थानीय निवासी संजय राणा ने जब उन्हें सार्वजनिक स्थान पर मर्यादा का उल्लंघन करने से टोका, तो आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। इसके करीब एक घंटे बाद, तीनों आरोपी पूरी तैयारी और अवैध तमंचों से लैस होकर वापस लौटे और संजय राणा को ढूंढने लगे।
संजय की मदद के लिए जैसे ही उनके दोस्त जसपाल रावत और मनीष व्यास मौके पर पहुंचे, घात लगाए बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। इस फायरिंग में मनीष के हाथ में और जसपाल की जांघ में गोली लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर दौड़े। भीड़ को अपनी तरफ आता देख आरोपी जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने हौसला दिखाते हुए घेराबंदी की और मुख्य शूटर वसीम को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके दो साथी चकमा देकर फरार हो गए।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik