हल्द्वानी में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डी.सी.एस.) का कार्य जनपद में प्रारम्भ हो गया है। आयुक्त कुमाऊँ और सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने रामपुर रोड स्थित हरिपुर रतनसिंह ग्राम में किसानों के खेत में जाकर डिजिटल क्रॉप सर्वे किया।
कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कि यह केन्द्र सरकार की एक आधुनिक पहल है, जिसे मुख्य सचिव ने भी निर्देशित किया है। डिजिटल क्रॉप सर्वे मोबाइल आधारित प्रक्रिया है, जिसमें जियो-फेंसिंग और सैटेलाइट इमेजरी के उपयोग से खेतों में बोई गई फसलों का वास्तविक समय में सटीक डेटा एकत्र किया जाता है। इसका उद्देश्य पारंपरिक सर्वे को बदलकर डिजिटल माध्यम से फसल का सही आंकलन करना है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे से किसानों की जमीन और फसल के बारे में साइंटिफिक डेटा उपलब्ध होगा, जिससे योजनाओं का सही लाभ उन्हें समय पर मिल सकेगा। इस योजना के माध्यम से वर्तमान में किस जिले में, किस फसल की, कितने क्षेत्र में खेती की गई है, इस पर विभिन्न स्रोतों के अलग-अलग आंकड़ों को स्पष्ट किया जा सकेगा।
आयुक्त ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का समय रहते होना प्रदेश के लिए केन्द्र सरकार के प्रोत्साहन भी सुनिश्चित करेगा और कार्य समयबद्धता के साथ पूरा होगा। उन्होंने डीसीएस कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी शुद्धता और समयबद्धता से सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, राजस्व निरीक्षक अरुण देवरानी, उप निरीक्षक अरुण वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik