देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन क्षेत्र स्थित सुभाष नगर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टेंट हाउस के प्लॉट में रखे टेंट और शामियाने के सामान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के रिहायशी मकानों तक पहुंच गईं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि नरेन्द्र टेंट हाउस (स्वामी—नरेन्द्र कुमार पुत्र शिव प्रसाद) के प्लॉट में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। मौके पर देखा गया कि आग तेजी से फैल रही थी और पास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले रही थी।
आग की चपेट में आकर फोल्डिंग टेबल, बर्तन, टेंट, भट्टियां, मेट, रजाई-गद्दे सहित भारी मात्रा में रखा सामान जलकर राख हो गया। फायर कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई दमकल वाहनों की मदद से करीब 30 हजार लीटर पानी का उपयोग किया और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। फायर विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik