नैनीताल जनपद के भीमताल विधानसभा क्षेत्र में 2027 के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस से दावेदारी जता रहे हरीश पनेरू ने “संकल्प-पत्र 2027” जारी कर जनता के सामने विकास का विस्तृत रोडमैप रखा है। खास बात यह है कि उत्तराखंड में दावेदारी के साथ ही जीत के बाद की प्राथमिकताओं को सार्वजनिक करने वाले वे पहले नेता बनकर उभरे हैं।
पनेरू ने “जनता का विश्वास – विकास का प्रयास” के नारे के साथ स्पष्ट किया कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिलता है, तो क्षेत्र में भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने 15 बिंदुओं में अपनी प्राथमिकताएं तय की हैं, जिनमें पारदर्शी विधायक निधि, बेहतर पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना, किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज व मुफ्त बीज, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और हरीशताल को पर्यटन हब के रूप में विकसित करना शामिल है।
इसके अलावा, लघु उद्योगों को बढ़ावा देकर 75% रोजगार सुनिश्चित करने, अवैध शराब पर रोक, जमरानी बांध परियोजना में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता और मजबूत जनसंवाद व्यवस्था जैसे बिंदुओं को भी प्रमुखता दी गई है। पनेरू ने कहा कि यह संकल्प-पत्र केवल वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास का विजन है।
उन्होंने संकेत दिए कि वे जल्द ही गांव-गांव जाकर जनता से संवाद करेंगे और सुझाव लेकर अपने विजन को और मजबूत बनाएंगे। हालांकि उन्हें टिकट मिलेगा या नहीं, यह निर्णय कांग्रेस हाईकमान पर निर्भर है, लेकिन संकल्प-पत्र जारी कर उन्होंने चुनावी मैदान में अपनी गंभीरता और तैयारी का स्पष्ट संदेश दे दिया है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik