ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: January 30, 2026 01:26 PM IST
  • Updated: January 30, 2026 01:30 PM IST
उत्तराखंड

शराब की लत ने छीना बाप का बुद्धि & विवेक, अपने ही बेटे पर किया कुल्हाड़ी से हमला

शराब की लत किस कदर इंसान को हैवान बना सकती है, इसका दिल दहला देने वाला मामला बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां नशे में धुत एक पिता ने अपने ही बेटे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

घटना आंवला थाना क्षेत्र के पालमपुर गोटिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय सत्येंद्र ने अपने पिता राजेंद्र को शराब पीने से रोकने और समझाने की कोशिश की थी। बेटे की यह बात पिता को इतनी नागवार गुज़री कि उसने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी उठाकर सत्येंद्र के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

शराब ने उजाड़ दिया घर, जमीन तक बिक चुकी

घायल युवक की मां कमला देवी ने बताया कि आरोपी राजेंद्र वर्षों से शराब का आदी है। नशे की वजह से वह परिवार की जमीन तक बेच चुका है। घर में आए दिन झगड़े, गाली-गलौज और मारपीट आम हो गई थी। सत्येंद्र परिवार को इस बर्बादी से बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसी कोशिश की उसे भारी कीमत चुकानी पड़ी।

चार बेटों की मां, हर वक्त सता रहा डर

कमला देवी ने बताया कि उनके चार बेटे हैं और सभी पिता की शराब की आदत से त्रस्त हैं। जब भी बच्चे विरोध करते हैं, राजेंद्र हिंसक हो जाता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई और बड़ी अनहोनी हो सकती है।

14 टांके, हालत अब भी गंभीर

हमले के बाद सत्येंद्र को आनन-फानन में आंवला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के सिर और गर्दन में करीब 14 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मामला दर्ज, आरोपी पर होगी सख्त कार्रवाई

पीड़ित परिवार की तहरीर पर आंवला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×