खटीमा। सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र में एक युवक ने विवाद होने पर अपनी महिला मित्र पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। महिला का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार रुदपुर निवासी 24 वर्षीय युवती का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व नानकमत्ता निवासी युवक से हुआ था। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों लंबे समय से अलग रह रहे हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
इसी दौरान युवती की पहचान रुद्रपुर निवासी युवक से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे साथ रहने लगे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके संबंधों में भी खटास आ गई थी। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के बाद युवती करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके लौट आई थी। बीती देर शाम युवती अपनी छोटी बहन के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। घर से कुछ दूरी पहले बाइक सवार युवक ने उन्हें रोक लिया और बातचीत करने की कोशिश की। बहन के मुताबिक, युवती द्वारा बात करने से इनकार करने पर युवक (प्रेमी युवक) ने गुस्से में तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवती के सीने को छूते हुए निकल गई और वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल महिला को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि गोली शरीर के अंदर नहीं घुसी है और महिला की स्थिति फिलहाल सामान्य है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik