ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 08, 2026 12:01 PM IST
राज्य

सोमवती अमावस्या स्नान सोमवार को, हरिद्वार में भारी वाहनों की नो एंट्री

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस ने यातायात व्यवस्था का खाका तैयार किया है। नौ नवंबर को होने वाले स्नान पर्व पर देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अलग-अलग मार्गों पर वाहनों के लिए रूट और पार्किंग निर्धारित की गई हैं।यातायात का दबाव बढ़ने पर दिल्ली-मेरठ मार्ग से आने वाले वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर होते हुए फेरूपुर और जगजीतपुर के रास्ते बैरागी कैंप पार्किंग पहुंचाया जाएगा। वहीं, आठ नवंबर की रात 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कालेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इनके लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग बनाई गई है।वाहनों का दबाव अधिक होने पर नगलाइमरती से रूट बदलकर लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा और शनिचौक होते हुए श्रीयंत्र पुलिया के रास्ते बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।

मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडीचौक होते हुए नीलधारा व गौरी शंकर पार्किंग पहुंचेंगे। बड़े वाहनों को 4.2 डायवर्जन से भेजा जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नेपाली फार्म, रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इनके लिए लालजीवाला पार्किंग निर्धारित की गई है।यातायात का दबाव बढ़ने पर दिल्ली-पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों को सहारनपुर, भगवानपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते देहरादून-ऋषिकेश की ओर भेजा जाएगा। वहीं, ऋषिकेश से चीला मार्ग का इस्तेमाल केवल निकासी के लिए होगा। टोल प्लाजा पर निकासी का दबाव बढ़ने पर नहर पटरी का विकल्प अपनाया जाएगा।स्नान पर्व पर भीड़ बढ़ने पर देहरादून और ऋषिकेश की ओर से आने वाले आटो-विक्रम जयराम मोड़ तक ही आ सकेंगे। ज्वालापुर और बीएचईएल की ओर से आने वाले आटो-विक्रम के लिए रानीपुर मोड़, देवपुरा और बस स्टेशन की ओर से निर्धारित डायवर्जन लागू रहेगा।ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तक आटो, विक्रम और टैक्सी का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर ई-रिक्शा और ई-आटो की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। बैरागी कैंप से आने वाले ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक और तुलसी चौक से यू-टर्न लेकर लौटेंगे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×