रुद्रपुर। देर रात पुलभट्टा थाना क्षेत्र में मुंबई के लिए चेसिस वाहन लेकर जा रहे चालक पर कार सवार पांच लोगों ने कथित रूप से कई स्थानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावरों ने चालक का पीछा करते हुए अलग-अलग जगह गोलियां चलाईं, जिसकी चपेट में आकर सड़क से गुजर रही एक महिला भी घायल हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधम सिंह नगर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में चेसिस वाहन चालक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक ने पांच नामजद लोगों पर तमंचों से कई राउंड फायरिंग करने, लगातार पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के दौरान सड़क से गुजर रही एक महिला भी गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार ग्राम पटेरी निवासी तथा वर्तमान में ग्राम दोपहरिया निवासी जगजीत सिंह 30 जून की रात करीब 9.20 बजे अशोक लीलैंड की चेसिस लेकर खालापुर, पनवेल (मुंबई) के लिए रवाना हुए थे। आरोप है कि गांव से बाहर निकलते ही सड़क किनारे एक मारुति ब्रेजा कार और एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार खड़ी मिली। जैसे ही वह वहां पहुंचे, दोनों कारों से पांच लोग बाहर निकले और कथित रूप से उन्हें घेर लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।
जगजीत सिंह किसी तरह वाहन को तेज गति से लेकर वहां से निकले, लेकिन आरोपी लगातार कारों से उनका पीछा करते रहे। सिरौलीकला चौराहे, खालसा ढाबा और गौला पुल के पास भी आरोपियों ने चलती गाड़ी पर कई बार फायरिंग की। इसी दौरान पास से गुजर रही मोटरसाइकिल पर सवार साहिस्ता बी, पत्नी इशरार, निवासी बल्लिया मुड़िया, जिला पीलीभीत, गोली लगने से घायल हो गईं। महिला अपने पति और बच्चों के साथ बाद में पुलभट्टा थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। महिला ने बताया कि कार सवार लोग ट्रक चालक पर गोली चला रहे थे और उसी दौरान उनके जांघ व कंधे में गोली लग गई।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik