देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग में तैनात एक महिला अनुभाग अधिकारी से कथित अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला अधिकारी की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने सहकारिता विभाग में तैनात एक उपनल कर्मी के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार महिला अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी ने कुछ दिन पहले फेसबुक और वॉट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क करने का प्रयास किया था। इससे परेशान होकर उन्होंने उसे ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद भी कर्मचारी उनके मोबाइल नंबर पर बारकृबार फोन करने लगा। बाद में महिला अधिकारी ने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। शिकायत के अनुसार, 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचा। महिला अधिकारी का आरोप है कि वहां कर्मचारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गालीकृगलौज की और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उन्हें देख लेने की धमकी दी।
महिला अधिकारी ने पुलिस को बताया कि इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गईं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी। महिला अधिकारी की शिकायत के मुताबिक, जब उनके सहकर्मियों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो वह सचिवालय परिसर से बाहर भाग गया। इसके बाद सचिवालय में लोगों ने उसे पकड़ लिया। शिकायत में आरोप है कि इस दौरान कर्मचारी की पिटाई भी की गई। यह भी बताया गया है कि आरोपी को सचिवालय में उसकी तैनाती से हटा दिया गया है। महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था। उन्होंने बताया कि वह दोपहिया वाहन से घर से कार्यालय आती-जाती हैं। ऐसे में उन्होंने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।
बहरहाल पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik