नैनीताल। बीती देर शाम रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवारों में से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में एक ग्राम विकास अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। घायल का सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित रम्पुरा निवासी राजीव गुप्ता (29) सोमवार को अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ हल्द्वानी आए थे। दोनों राजीव की भांजी भावना की शादी के कार्ड रिश्तेदारों और परिचितों को बांटने पहुंचे थे। कार्ड बांटने के बाद शाम करीब सात बजे दोनों बाइक से रुद्रपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कालाढूंगी के वार्ड नंबर छह निवासी सौरभ बिष्ट (29) की मौके पर ही मौत हो गई। सौरभ पेशे से ग्राम विकास अधिकारी थे। वहीं, रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। राजीव के बहनोई प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एसटीएच में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। राजीव गुप्ता की मौत की खबर मिलते ही परिजन एसटीएच पहुंच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि राजीव की भांजी भावना की शादी आगामी 15 नवंबर को होनी है। इसी सिलसिले में वह हल्द्वानी में रिश्तेदारों और परिचितों को शादी के कार्ड बांटने आए थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन कार्ड बांटकर लौटते समय हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं, जबकि घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दोनों बाइकों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik