पिथौरागढ़ न्यूज़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के चंडाक क्षेत्र में सोमवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब जंगल में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। मृतक के चेहरे पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, चंडाक क्षेत्र में एक होटल के नीचे लगभग 100 मीटर दूर पुनेड़ी के जंगल में शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही प्रभारी कोतवाल मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रस्सियों की मदद से शव को बाहर निकाला।
मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है, और शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत होता है। अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में पहचान की कोशिश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि चेहरे पर चोट के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद चंडाक और आस-पास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। लोग इस घटना को हत्या से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






.jpeg)







