ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 12, 2025 12:30 PM IST
उत्तराखंड

"उत्तराखंड कांग्रेस में बड़ा बदलाव: गणेश गोदियाल बने प्रदेश अध्यक्ष, प्रीतम और हरक सिंह रावत पर नजर"

उत्तराखंड में कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने आज बड़ा फैसला लेते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा की जगह पार्टी के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस संगठन की कमान सौंप दी है।

कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी पत्र में चकराता से विधायक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को कैंपेन कमेटी का चेयरमैन और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

गणेश गोदियाल का राजनीतिक इतिहास:
गणेश गोदियाल पहले भी उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने साल 2002 में थैलीसैंण विधानसभा सीट से पहला चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में गोदियाल ने भाजपा के दिग्गज नेता रमेश पोखरियाल निशंक को हराया।

साल 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2012 में परिसीमन के बाद थैलीसैंण, श्रीनगर विधानसभा का हिस्सा बन गया। उसी साल गोदियाल ने श्रीनगर विधानसभा से चुनाव लड़ा और भाजपा के धन सिंह रावत को हराया। इस जीत के बाद कांग्रेस में उनका कद बढ़ा।

गणेश गोदियाल कभी सतपाल महाराज के करीबी माने जाते थे। हालांकि सतपाल महाराज के भाजपा में शामिल होने के बाद गोदियाल को कांग्रेस में आगे बढ़ने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में श्रीनगर विधानसभा से लड़े, लेकिन भाजपा के धन सिंह रावत ने उन्हें मोदी लहर के चलते हराया।

साल 2021 में कांग्रेस ने उन्हें फिर से बड़ी जिम्मेदारी दी और 22 जुलाई 2021 को उन्हें उत्तराखंड कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में श्रीनगर सीट से ताल ठोकी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

साल 2024 में गणेश गोदियाल कांग्रेस के टिकट पर गढ़वाल लोकसभा सीट से लड़े, लेकिन उन्हें बीजेपी नेता अनिल बलूनी ने हराया।

गणेश गोदियाल मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के कंडारस्यूं भहेड़ी गांव के रहने वाले हैं।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×