ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 28, 2025 10:47 AM IST
उत्तराखंड

उत्तराखंड में वन्यजीव हमला: चलती स्कूटी से बच्चे को सूंड से खींचकर हाथी ने मार डाला

थानों वन रेंज से हृदय दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार शाम लगभग 4:15 बजे कालू सिद्ध मंदिर के रास्ते पर एक जंगली हाथी के हमले में छठीं कक्षा के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र को दहशत और शोक में डुबो दिया है।

जानकारी के अनुसार, कोठारी मोहल्ला जौलीग्रांट निवासी कमल थापा अपनी पत्नी नीलम और 12 वर्षीय पुत्र कुणाल थापा को स्कूटी से कालू सिद्ध मंदिर ले जा रहे थे। स्कूटी पर कुणाल बीच में बैठा था। जैसे ही परिवार मंदिर से कुछ दूरी पहले थानों वन रेंज के जंगल वाले हिस्से में पहुंचा, अचानक एक जंगली हाथी सामने आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी ने अचानक हमला बोलते हुए स्कूटी से बीच में बैठे कुणाल को सूंड से खींचा और जोर से जमीन पर पटक दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं माता-पिता जान बचाने के लिए झाड़ियों में छिप गए।

बताया जा रहा है कि हमला करने के बाद हाथी लंबे समय तक वहीं खड़ा रहा। इस दौरान पिता कमल थापा ने हिम्मत दिखाते हुए पास पड़ी टहनियों में आग लगाई और किसी तरह हाथी को वहां से भगाया। इसके बाद वह अपने घायल बेटे को लेकर जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया।

दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। माता-पिता और पड़ोसियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल फैल गया है।

स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से इस मार्ग पर गश्त एवं सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×