कानपुर रोड स्थित लोहिया पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आईटीआई थाना पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम लाडपुर, वथुआखेड़ा, तहसील व थाना स्वार, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी तौफीक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई दानिश 26 नंवबर 2025 को अपने साथी अहसान (पुत्र आसक अली, निवासी ग्राम मझरा बहादर, स्वार) के साथ आरके इंडस्ट्री, मानपुर रोड, काशीपुर से काम खत्म करके बाइक से घर लौट रहा था।
शाम लगभग 6 बजे, जब दोनों लोहिया पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर UP25 BT 1777) के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
तौफीक के अनुसार, बाइक चला रहा दानिश टक्कर लगते ही सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी अहसान भी दूर छिटककर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस टीम ने दानिश के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा, जबकि गंभीर रूप से घायल अहसान को रामपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तौफीक ने ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) और 281 में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच की जिम्मेदारी एएसआई रविंद्र सिंह को सौंप दी है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik