मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित अर्थ एवं संख्या, कृषि एवं उद्यान तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कुल 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इनमें 117 अभ्यर्थी अर्थ एवं संख्या विभाग, 12 कृषि विभाग, 30 उद्यान विभाग, तथा 19 महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग से हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी संचालन में गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय डेटा की अहम भूमिका होती है। अर्थ एवं संख्या विभाग राज्य में डेटा संग्रह एवं विश्लेषण का नोडल विभाग है, इसलिए सहायक सांख्यिकी अधिकारियों को सरकार की योजनाओं और नीतियों के प्रभाव का तथ्यपरक आकलन कर तंत्र को समयबद्ध फीडबैक उपलब्ध कराना चाहिए।
उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान किए गए हैं, जो राज्य गठन के बाद किसी भी सरकार के मुकाबले दोगुने से भी अधिक हैं।
सरकार ने नकल माफियाओं पर सख्ती दिखाते हुए कड़े नकल-विरोधी कानून लागू किए हैं, जिससे भर्ती प्रक्रियाएँ अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनी हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि स्वरोजगार योजना, स्टार्टअप एवं उद्यमिता नीति, नई पर्यटन नीति, कृषि व फल उत्पादन, और होम-स्टे योजनाओं ने प्रदेश में रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा दिया है। इन पहलों के परिणामस्वरूप राज्य में रिवर्स माइग्रेशन के आंकड़े उत्साहजनक रूप से बढ़े हैं।
कार्यक्रम में श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक भरत चौधरी, सविता कपूर, 20 सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव एस.एन. पाण्डेय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik