प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ के 128वें एपिसोड में अपने विचार देशवासियों के साथ साझा किए। इस एपिसोड में पीएम मोदी ने एक बार फिर उत्तराखंड का उल्लेख किया। ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दिनों उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म लोगों को बहुत आकर्षित कर रहा है। उन्होंने बताया कि सर्दियों में औली, मुनस्यारी, चोपता, दयारा बुग्याल जैसी जगहें तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सर्दियों का मौसम आते ही विंटर टूरिज्म का समय भी शुरू हो जाता है। दुनिया के कई देशों ने विंटर टूरिज्म को अपनी अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा बना लिया है। अनेक देशों में विश्व-स्तरीय विंटर फेस्टिवल और विंटर स्पोर्ट्स मॉडल मौजूद हैं। इन देशों ने स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग, स्नो ट्रेकिंग, आइस क्लाइंबिंग और फैमिली स्नो पार्क जैसे अनुभवों को अपनी पहचान बनाया है। इनके विंटर फेस्टिवल वैश्विक आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में भी विंटर टूरिज्म की अपार क्षमता मौजूद है। हमारे पास पर्वत, संस्कृति और एडवेंचर की असीम संभावनाएँ हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दिनों उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म लोगों को विशेष रूप से पसंद आ रहा है।
मन की बात में पीएम मोदी ने बताया कि पिथौरागढ़ जिले में 14,500 फीट से अधिक ऊंचाई पर आदि कैलाश में राज्य की पहली अल्ट्रा मैराथन आयोजित की गई, जिसमें देशभर के 18 राज्यों से 750 से ज्यादा एथलीटों ने हिस्सा लिया।
आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने देश की प्रेरणादायक उपलब्धियों और बदलते भारत की ऊर्जा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उत्तराखंड के तेजी से बढ़ते विंटर टूरिज्म से लेकर इसरो की अनोखी ड्रोन प्रतियोगिता में युवाओं द्वारा दिखाए गए साहस और नवाचार का उल्लेख किया।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में उत्तराखंड के प्रति अपना विशेष स्नेह व्यक्त करते हुए राज्य के विंटर टूरिज्म, साहसिक खेलों, वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में बढ़ती संभावनाओं और तेजी से विकसित होते पर्यटन क्षेत्र का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बढ़ती लोकप्रियता, आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन, आगामी विंटर गेम्स और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में देवभूमि की उभरती पहचान पर प्रधानमंत्री के विचार पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देते हैं।
देवभूमि उत्तराखंड के सतत विकास और संभावनाओं को विश्व पटल पर रेखांकित करने के लिए मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik