अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देशभर से आए युवाओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने उनका छात्र जीवन फिर से जीवंत कर दिया है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक राष्ट्रभाव की पताका लिए उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ABVP ने हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को सुदृढ़ किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में जो भी कार्य वे आज कर पा रहे हैं, उसका श्रेय वे विद्यार्थी परिषद को देते हैं, जिसने उन्हें संस्कार, राष्ट्रनिर्माण का संकल्प और जनसेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इस वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्थापना के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिसने एक शताब्दी से समाज जागरण, राष्ट्र निर्माण और समरसता के लिए निरंतर कार्य किया है।
CM धामी ने कहा कि सात दशकों से ABVP युवाओं के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आई है। शिक्षा, स्वावलंबन और राष्ट्रवाद की अलख जगाने से लेकर आपात स्थितियों में सेवा की मिसाल पेश करने तक, परिषद की भूमिका अनुकरणीय रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत माता की जय के नारे हर राज्य में ABVP कार्यकर्ताओं के माध्यम से गूंज रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा भारत को एक विकसित और आर्थिक महाशक्ति बनाने में लगाए। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया— जैसे देश में पहला समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना, सख्त नकलरोधी कानून, धर्मांतरण रोकने का कानून, मदरसा बोर्ड समाप्त करना और लगभग 10 हजार एकड़ भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना।
CM धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने का आह्वान उत्तराखंड में तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने चारधाम यात्रा के कपाट बंद होने के बाद की व्यवस्थाओं, आदि कैलास यात्रा और आपदा के बावजूद इस वर्ष रिकॉर्ड 51 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की जानकारी भी साझा की।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने युवाओं से कहा— “देश का वर्तमान भी आप हैं और भविष्य भी आप ही हैं।”






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik