ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 12, 2025 05:43 PM IST
उत्तराखंड

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री ने 112 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लेटीबुंगा मैदान, ग्राम पंचायत शशबनी, नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम में ₹112.34 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों और विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर महिला उत्पादों की सराहना भी की।

मुख्यमंत्री ने भीमताल क्षेत्र के कई गांवों में मिनी स्टेडियम निर्माण, ओखलकांडा के करायल–बैण्ड–टकुरा वन चौकी रोड का डामरीकरण, भीमताल बाईपास नहर कवरिंग, नई पार्किंग और रोडवेज बस स्टेशन, अग्निशमन केंद्र तथा कई मुख्य सड़क परियोजनाओं की घोषणा की।

धामी ने कहा कि सरकार नैनीताल जिले और पूरे उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक द्वारा उठाए गए मुख्य मार्ग–10 की खराब स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेते हुए करीब 9.5 करोड़ रुपये सड़क पुनर्निर्माण हेतु स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहाड़ों में पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए ‘एक जनपद–दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘स्टेट मिलेट मिशन’, ‘होमस्टे और ‘वेड इन उत्तराखंड’ जैसी योजनाएँ लागू की जा रही हैं। पलायन आयोग की नवीन रिपोर्ट में रिवर्स पलायन में 44% की बढ़ोतरी और बेरोजगारी दर में 4.4% कमी दर्ज की गई है।

इस अवसर पर भवाली बाईपास, 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट नैनीताल, एलबीएस कॉलेज में पुस्तकालय व बहुउद्देश्यीय हॉल, पुछड़ी गौशाला, राजकीय विद्यालय जाडापानी में पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, सहित कई अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ। वहीं, राजकीय महाविद्यालय लालकुआँ में परीक्षा भवन, लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में चाहरदीवारी, गौलापार स्टेडियम में पूल कवरिंग व सुरक्षा कार्य आदि का शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर विधायक भीमताल श्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसपी यातायात जगदीश चंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×