उधमसिंहनगर– अपराधियों के गढ़ के रूप में बदनाम ठंडा नाला क्षेत्र पर प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई की। दिनेशपुर–गुल्लरभोज के बीच स्थित सरकारी भूमि पर वर्षों से अवैध रूप से बने मकानों को बुलडोज़रों से ध्वस्त कर दिया गया।
सिंचाई और वन विभाग की इस भूमि पर सौ से अधिक अतिक्रमणों की पहचान की गई थी, जिनमें से करीब 30 कच्चे और पक्के निर्माणों को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच तोड़ा गया। कार्रवाई डीएम नितिन भदौरिया के निर्देश पर एडीएम पंकज उपाध्याय और प्रशासनिक अधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में सुबह जल्दी शुरू हुई। प्रशासन ने कार्रवाई से एक माह पहले नोटिस जारी कर मुनादी भी करवाई थी। कई कब्जेदारों ने इस दौरान अपना सामान खुद ही हटाना शुरू कर दिया था।
अधिकारी बताते हैं कि ठंडा नाला संकरी गलियों और अवैध मकानों के कारण पुलिस के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण क्षेत्र रहा है, जहां उत्तराखंड, यूपी और पंजाब के अपराधी पनाह लेते थे। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कार्रवाई से पहले क्षेत्र का ड्रोन सर्वे कराया और पुलिस फोर्स को विभिन्न सेक्टरों में तैनात किया।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि बाकी अतिक्रमणों पर भी जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लैंड जिहाद के खिलाफ सरकार का अभियान जारी रहेगा।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik