सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य तिरंगा पदयात्रा और यूनिट मार्च का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया।
तड़ियाल चौक स्थित के-प्राइड मॉल से प्रारंभ होकर मालवीय उद्यान तक पहुंची इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को “आयरन मैन ऑफ इंडिया” उनकी राष्ट्रनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और देश की एकता के प्रति अतुलनीय योगदान के कारण कहा जाता है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता के बाद देश की 562 रियासतों का एकीकरण आधुनिक भारत की नींव रखने वाला ऐतिहासिक कार्य था।
मालवीय उद्यान में आयोजित समापन कार्यक्रम में सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि “आज का मजबूत और संगठित भारत सरदार पटेल की दूरदर्शिता का परिणाम है।” उन्होंने पदयात्रा को राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गर्व को सुदृढ़ करने वाला आयोजन बताया।
कार्यक्रम में नागरिकों की व्यापक भागीदारी ने सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में किए गए योगदान को शहर में एक बार फिर स्मरणीय बना दिया।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik