करीब एक वर्ष पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद घर में ही रहने से मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति ने बुधवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पिपलिया नंबर एक, महतोष निवासी 32 वर्षीय विवास राय, विकास राय के पुत्र, लगभग एक वर्ष पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के कारण वह तब से घर में ही रह रहा था। परिवार में उसकी पत्नी और माता-पिता उसकी देखभाल करते थे। लंबे समय तक घर में रहने और काम न करने के कारण विवास मानसिक रूप से परेशान हो गया था।
बताया जाता है कि बुधवार को उसकी पत्नी और माता-पिता एक विवाह समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान विवास ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और साड़ी से फांसी का फंदा बनाकर घर की छत की बल्ली से लटक गया।
कुछ देर बाद जब परिजन घर वापस लौटे, तो उन्होंने विवास को खाने के लिए आवाज दी। जब वह कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजन कमरे में पहुंचे और देखा कि कमरा अंदर से बंद है। कमरे में झांकने पर उन्हें विवास फांसी पर लटका मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह कमरे का कुंडा तोड़कर उसे फांसी से उतारा।
मौके पर पुलिस भी पहुंची और विवास को चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों ने बताया कि विवास के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik