चमोली जिले के नारायणबगड़ तहसील के छैकुड़ा गांव में घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी पति ने पत्नी को पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी और शव को जंगल में पत्थरों के नीचे दबाकर छिपा दिया। ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए उसने यह झूठ भी फैला दिया कि उसकी पत्नी को भालू या गुलदार उठा ले गया है।
दो दिन तक जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला तो उसके बच्चों ने पिता से सवाल-जवाब किए, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
24 नवंबर को महावीर प्रसाद देवली का अपनी पत्नी दमयंती देवी से मामूली बात पर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने पत्थर से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। देर रात वह शव को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर जंगल के गदेरे में ले गया और पत्थरों के नीचे दबाकर लौट आया।
अगले दिन ग्रामीणों को उसने बताया कि उसकी पत्नी जंगल गई थी और संभव है कि भालू या गुलदार ने उसे निवाला बना लिया हो।
देहरादून में रहने वाली बेटी ने 24 नवंबर की शाम जब मां को फोन किया और कॉल रिसीव न हुआ तो उसे शक हुआ। उसने गांव की एक महिला को घर जाकर माता-पिता की जानकारी लेने को कहा। महिला ने बताया कि दमयंती का फोन घर के बाहर पड़ा है और महावीर घर पर नहीं है।
इस पर बेटी ने अपने भाई विनय देवली को गांव भेजा। पिता की बातों और व्यवहार पर भाई को भी संदेह हुआ, लेकिन महावीर अपने झूठ पर अड़ा रहा।
बुधवार सुबह पुलिस टीम गांव पहुंची। संदिग्ध गतिविधियों पर शक होने पर पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो महावीर ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
उसने बताया कि विवाद के दौरान उसने बड़े पत्थर से पत्नी के सिर और चेहरे पर कई बार वार किया और मौत होने पर शव को बोरे में डालकर नाले में फेंक दिया व पत्थरों से ढक दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik