रूद्रपुर। देर रात बाजपुर के थाना केलाखेड़ा क्षेत्र के ग्राम शोकानगला में घर में अकेली रह रही वृद्ध महिला के मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय महिला घर में सो रही थी, जबकि उनका बेटा और पुत्रवधू इंग्लैंड में रहते हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम शोकानगला निवासी परमजीत कौर, पत्नी स्वर्गीय प्रीतपाल सिंह ने बताया कि 14 जुलाई की रात करीब दो बजे अज्ञात चोर घर के पीछे लगी लोहे की ग्रिल/खिड़की तोड़कर मकान में घुस आए। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।पीड़िता के अनुसार चोर करीब तीन तोला सोने के जेवरात, जिनमें एक जोड़ी झुमके और पांच सोने की अंगूठियां शामिल हैं, के अलावा 35 हजार रुपये की नकदी तथा दो सूटकेस भी अपने साथ ले गए। सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
परमजीत कौर का बेटा अंग्रेज सिंह अपनी पत्नी के साथ इंग्लैंड में रहता है। मां की सुरक्षा के लिए उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं, जिनका एक्सेस उसके पास विदेश में है। पुलिस फुटेज प्राप्त करने के लिए परिवार के संपर्क में है। इसके अलावा फोरेंसिक टीम की मदद लेने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस घर में हाल के दिनों में बोरिंग कराने वाले लोगों तथा घरेलू कार्य करने वालों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।
घटना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि बेटा और पुत्रवधू विदेश में होने के कारण वृद्ध महिला की देखभाल के लिए घर में एक महिला कर्मचारी रहती थी, जो भोजन आदि बनाती थी। बताया गया कि मंगलवार को वह अपने घर चली गई थी और उसी रात चोरी की वारदात हो गई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोर सीधे उसी कमरे में कैसे पहुंचे, जहां जेवरात और नकदी रखी हुई थी।
परिजनों के अनुसार परमजीत कौर प्रतिदिन सुबह करीब चार बजे उठकर पूजा-पाठ करती हैं, लेकिन घटना वाले दिन उनकी आंख करीब सात बजे खुली और उन्हें शरीर में थकान महसूस हो रही थी। इसी आधार पर परिजन आशंका जता रहे हैं कि चोरों ने किसी नशीले पदार्थ का प्रयोग किया हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस ने किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik