ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 10, 2025 02:08 PM IST
उत्तर प्रदेश

हाईवे पर खड़े ट्रक में सो रहा था ड्राइवर… कंबल हटते ही खुला चौंकाने वाला राज

थरवई थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे हंडिया–कोखराज मार्ग पर देवरिया गांव के सामने बने कृष्ण ढाबे पर बुधवार सुबह खड़े एक आईसर ट्रक में ड्राइवर का शव मिलने से हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर थरवई पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक का दरवाजा खोलकर जांच की तो ड्राइवर कंबल ओढ़े मृत अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की पहचान राजू सिंह (40 वर्ष), पुत्र बेनी सिंह, निवासी भोजपुर थाना बरला, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है।

ढाबा संचालक के अनुसार, सुबह ट्रक में सो रहे ड्राइवर के देर तक न उठने पर शक हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। थरवई थाने के दरोगा राहुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक में मिले कागजातों के आधार पर वाहन स्वामी अकील अहमद से संपर्क किया।

ट्रक मालिक ने बताया कि ड्राइवर राजू सिंह अलीगढ़ से सोनभद्र शराब लेकर गया था। माल उतारने के बाद उसने मंगलवार शाम करीब पांच बजे घर लौटने की बात कही थी। वापसी के दौरान वह देवरिया गांव के सामने ढाबे पर रुका, खाना खाया और ट्रक में ही सो गया था।

सुबह जब वह नहीं उठा तो कर्मचारियों ने जाकर देखा, जहां वह मृत पाया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों और ट्रक मालिक को दे दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

दरोगा राहुल कुमार ने बताया कि शरीर पर किसी प्रकार की चोट का निशान नहीं मिला है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×