उत्तराखंड में बढ़ती ठंड और शीतलहर के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जन-जीवन की सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी स्थानीय नगर निकायों को सख्त निर्देश दिए हैं कि निराश्रित, असहाय और गृहविहीन व्यक्तियों को नि:शुल्क कंबल उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही धर्मशालाओं, रैन बसेरों, मुसाफ़िरखानों, रेलवे और बस स्टेशनों समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि स्थायी और अस्थायी रैन बसेरों में बिजली, पानी, बिस्तर और साफ-सफाई जैसी सभी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध कराई जाएं। इन राहत व्यवस्थाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद इसका लाभ उठा सकें।
शीतकालीन व्यवस्थाओं की निगरानी और क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न नगर निकायों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। नगर निगम हल्द्वानी के लिए सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, नगर पालिका नैनीताल के लिए अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा, रामनगर के लिए आलोक उनियाल, कालाढूंगी के लिए अभिनव कुमार, भीमताल के लिए राहुल कुमार, भवाली के लिए सुधीर कुमार और नगर पंचायत लालकुआं के लिए ईश्वर सिंह रावत को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध रूप से शीतकालीन सुरक्षा उपायों को लागू करने और नियमित रूप से मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ठंड से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा सके।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik