दिल्ली में 10 नवंबर को लालकिले के पास कार में हुए फिदायीन हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर थीं। इस ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। घटना के बाद सभी राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
इसी बीच अब उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में भी अशांति का माहौल बनने लगा है। अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया है।
स्कूल के पास झाड़ियों में मिला विस्फोटक
शुक्रवार दोपहर सल्ट ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा में बच्चे खेल रहे थे, तभी उनकी नजर झाड़ियों में रखे संदिग्ध सामान पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी, जिसके बाद पुलिस टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और संदिग्ध सामग्री को कब्जे में ले लिया।
161 जिलेटिन की छड़ें बरामद, RDX की अफवाह फैली थी
शुरुआत में अफवाह उड़ी कि RDX बरामद हुआ है, लेकिन जांच में यह जिलेटिन पाया गया। पुलिस के अनुसार कुल 161 जिलेटिन स्टिक, लगभग 20 किलो से अधिक वजन की बरामद हुई हैं। जिलेटिन का विस्फोट बड़ी-बड़ी चट्टानों को भी तोड़ सकता है, ऐसे में इतने बड़े स्तर पर विस्फोटक का मिलना गंभीर मामला माना जा रहा है।
एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि हाई अलर्ट के बीच इतनी बड़ी खेप पहाड़ तक कैसे पहुंची और किस उद्देश्य से लाई गई?
पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर
विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर आ गई हैं। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिलेटिन को नष्ट करने की अनुमति के लिए पुलिस ने भिकियासैंण कोर्ट में आवेदन दे दिया है।
स्थानीय लोगों में विस्फोटक मिलने के बाद दहशत का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएँ चल रही हैं। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासा होने की संभावना जताई है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik