भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक में सिमलिया बैंड से हैड़ाखान तक जाने वाला मोटर मार्ग लंबे समय से खराब हालत में था। जगह-जगह गड्ढों और टूटी सड़क के कारण ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात और आपात स्थिति में यह मार्ग और अधिक जोखिम भरा हो जाता था।
ग्रामीणों की लगातार मांग पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सड़क डामरीकरण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विधायक ने मुख्यमंत्री से स्वयं मिलकर इस महत्वपूर्ण मोटर मार्ग के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।
विधायक की पहल रंग लाई और मुख्यमंत्री ने सिमलिया बैंड–हैड़ाखान मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 1 करोड़ 40 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी। शासनादेश जारी होने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि सभी औपचारिकताएँ तेजी से पूरी की जा रही हैं और बहुत जल्द सड़क पर डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है।
सड़क स्वीकृति की खबर से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनता ने वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के लिए विधायक राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik