उत्तराखंड में लंबे समय से बारिश न होने के कारण पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेशभर में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। पोस्ट-मानसून बारिश न होने की वजह से दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। सुबह-शाम ठंड में इजाफा हो रहा है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरे की स्थिति बनने लगी है।
अधिकतम तापमान में गिरावट से दिन के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है, वहीं रात में न्यूनतम तापमान लुढ़कने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो देहरादून में नवंबर माह में औसतन 9.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार अब तक बारिश का आंकड़ा शून्य पर है। यही स्थिति पूरे प्रदेश में है, जहां औसतन 4.4 मिमी बारिश दर्ज की जाती है, लेकिन इस वर्ष अब तक एक बूंद वर्षा नहीं हुई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश होने के बाद ही सूखी ठंड से राहत मिल सकेगी।
गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik