हल्द्वानी स्थित सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में खराब पड़ी दो लिफ्टों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। ये दोनों लिफ्टें विशेष रूप से किडनी रोगियों की आवाजाही के लिए स्थापित की गई थीं, लेकिन खराब होने के कारण डायलिसिस के लिए आने वाले मरीजों को कई दिनों से सीढ़ियों के सहारे ऊपर-नीचे जाना पड़ रहा था, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
मामला संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी ने तुरंत प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के. एस. दताल और अपर जिलाधिकारी नैनीताल विवेक राय को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने जानकारी दी कि संबंधित कंपनी को शुक्रवार को लिफ्ट रिपेयरिंग का वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। साथ ही, वही कंपनी लिफ्टों का वार्षिक मेंटेनेंस भी करेगी। इसके लिए आवश्यक बजट अस्पताल प्रबंधन समिति से उपलब्ध कराया जाएगा।
लिफ्टों की मरम्मत शुरू होने के बाद उम्मीद है कि कुछ ही दिनों में दोनों लिफ्टें मरीजों के उपयोग के लिए फिर से चालू हो जाएंगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik