उत्तरकाशी। जिला पत्रकार संघ उत्तरकाशी के दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन का समापन सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी के गठन के साथ हुआ। अधिवेशन के अंतिम सत्र में सुनील थपलियाल को अध्यक्ष, सुरेंद्र नौटियाल को महामंत्री तथा प्रकाश रांगड़ को कोषाध्यक्ष चुना गया।
अधिवेशन के प्रथम दिवस “जनपद उत्तरकाशी में तीर्थाटन व पर्यटन की अपार संभावनाओं में मीडिया की भूमिका” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पर्यावरणविद् प्रताप पोखरियाल को “विशिष्ट सेवा सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, सीओ जनक पंवार, जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा सहित जिलेभर के पत्रकारों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथि विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि उत्तरकाशी में धार्मिक, साहसिक और प्राकृतिक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, जिनके प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुँचाने और जनजागरूकता बढ़ाने में पत्रकारों का योगदान सराहनीय है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं और जनपद के कोने-कोने की जानकारी जनता तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मीडिया सनसनी या टीआरपी से ऊपर उठकर जनहित को प्राथमिकता दे, तो समाज में सशक्त सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने अधिवेशन को संवाद और एकता का मंच बताया, जहाँ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकार एक-दूसरे से विचार साझा करते हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील थपलियाल ने सभी पत्रकारों का आभार जताते हुए कहा कि आपदा प्रभावित जनपदों के पत्रकारों का 50 लाख रुपये तक का बीमा, और मान्यता प्राप्त व गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को 20 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य आपात स्थितियों में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए सरकारी सहायता की मांग की।
अधिवेशन के समापन अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी गई और पत्रकार संघ को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में एलआईयू जिला प्रभारी दीपक रावत, मदन पैन्यूली, पृथ्वी दत्त नैथानी, बलवीर परमार, गंभीर पाल परमार, शिव सिंह थलवाल, राजेंद्र रांगड़, आशीष मिश्रा, महावीर सिंह, वीरेंद्र नेगी, राजीव नौटियाल, रमा भट्ट समेत जिलेभर के पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik