पिथौरागढ़ जिले की सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बैतडी से बजांग जा रही बारात की बस पुरचूंणी नगरपालिका-7 के बड़गांव मोड़ पर चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। बस संख्या सु.प.प्र. 02001 ख 1119 पुरचूंणी के भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग के सुनकुडा जा रही थी।
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ), नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल और दो ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल 25 लोगों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर किया गया है। कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस में क्षमता से अधिक सवारियां होने और चढ़ाई पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। बस चालक वीरेंद्र बुढा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik