नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में विकासखंड ओखलकांडा के अत्यंत ऊंचाई पर स्थित दूरस्थ ग्राम सुरंग में महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति ‘बजायल’ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान गांव के 30 परिवारों ने समिति खुलने के पहले ही दिन 18 लीटर दूध की आपूर्ति दुग्ध संघ को की।
समिति के गठन के साथ ही क्षेत्र की महिलाओं में उत्साह, आत्मनिर्भरता और आर्थिक उत्थान की नई किरण दिखाई दी। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कार्यक्रम में कहा कि
“ऐसे दूरस्थ और ऊंचाई वाले क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से दुग्ध सहकारिता और अधिक सशक्त होगी। उक्त गांव में सड़क की सुविधा न होने के कारण लोगों को दूध सड़क तक सिर पर लेकर जाना पड़ता है। हमारी कोशिश है कि पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाए, ताकि यहां की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। समिति ‘बजायल’ महिलाओं के आत्मसम्मान और प्रगति का प्रतीक बनेगी।”
ग्राम प्रधान सुरंग पुष्पा बोरा ने कहा कि समिति बनने से दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ेगी, महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। उन्होंने बताया कि पशुपालक और पशु खरीदकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाया जाएगा और समिति को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय दुग्ध उत्पादक महिलाओं ने समिति को क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि समिति से दुग्ध संग्रहण, विपणन और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस अवसर पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेश खनवाल और राजेंद्र सिंह बोरा, वन पंचायत सरपंच जया बोरा, पर्वतीय क्षेत्र प्रभारी कृपाल सिंह, हरीश आर्या, हरीश सिंह कठायत, पूनम दर्मवाल, देवस्थल समिति की अध्यक्ष दीपा देवी, भवान सिंह, तथा पशु चिकित्सक डॉ. धीरज सोनल उपस्थित रहे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik