सुबह पति से हुई थी कहासुनी, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया—हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला हत्या का होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
मूल रूप से छत्तीसगढ़ निवासी 25 वर्षीय मधु अपने पति अनिल के साथ पिछले पांच वर्षों से भूरारानी की दुर्गापाल कॉलोनी, गली नंबर 3 में रह रही थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। बताया जा रहा है कि सुबह पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मधु की सहेली ने पहुंचकर दोनों को शांत कराया।
करीब एक घंटे बाद जब सहेली खाना लेकर दोबारा घर पहुंची, तो मधु अचेत अवस्था में पड़ी थी जबकि पति घर पर नहीं था। सहेली ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के कुछ देर बाद ही मधु का पति अनिल भी मौके पर आ गया। मधु को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर सीओ प्रशांत कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, समाजसेवी सुशील गावा और कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा सहित बड़ी संख्या में लोग भी वहां जुट गए।
स्थानीय लोगों ने महिला की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik