लालकुआँ। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल, हल्द्वानी के छात्रों एवं शिक्षकों को मुख्य दुग्धशाला का शैक्षिक भ्रमण कराया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को दुग्ध उत्पादों के उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और आधुनिक परीक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी देना था।
दुग्धशाला में करीब 90 विद्यार्थियों को आंचल के विभिन्न उत्पाद—दूध, घी, मक्खन, पनीर, छाछ, मठ्ठा, खोवा, लस्सी और क्रीम—के निर्माण की पूरी प्रक्रिया का लाइव अवलोकन कराया गया। छात्रों ने प्लांट में उपयोग होने वाली अत्याधुनिक मशीनरी, स्वच्छता मानकों और हाइजीनिक पैकेजिंग सिस्टम का नजदीकी निरीक्षण किया। कई छात्रों ने पहली बार इतने बड़े औद्योगिक संयंत्र को देखकर अपनी उत्सुकता और आनंद व्यक्त किया।
दुग्ध संघ के प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने छात्रों को बाजार में उपलब्ध रासायनिक मिश्रण वाले दूध और अन्य उत्पादों से होने वाले संभावित नुकसान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने शुद्ध, सुरक्षित और प्रमाणित उत्पादों के चयन पर विशेष जोर देते हुए बताया कि आंचल उपभोक्ता स्वास्थ्य को सर्वोपरि मानते हुए उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन करता है।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्पादन तकनीक, परीक्षण प्रयोगशालाओं और गुणवत्ता जांच प्रक्रियाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तृत और सरल भाषा में उत्तर दिया। अंत में, बच्चों ने दुग्धशाला के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि यह भ्रमण उनके लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।
कार्यक्रम में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेन्द्र सिंह राणा, विजय चौहान, मनोज कुमार, सुमित पांडे, संजय तिवारी सहित कई अधिकारी और शिक्षकों में शिखा वर्मा, शालिनी जोशी, दिवाकर राणा उपस्थित रहे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik