ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: October 18, 2026 02:10 PM IST
राज्य

चुनाव के ऐन समय भाजपा को झटका,बेनाम ने दिया इस्तीफा

पौड़ी। पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बेनाम के पार्टी से इस्तीफा देने से चुनाव के एन समय भाजपा को गहरा झटका लगा है।
आठ साल तक भाजपा में रहने के बाद उन्होंने रविवार 18 अक्टूबर को पार्टी से नाता तोड़ लिया। उन्होंने अपने इस फैसले के पीछे व्यक्तिगत कारणों के साथ ही पार्टी में खुद को सही ढंग से नहीं समझे जाने और घुटन महसूस होने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर वह जल्द ही फैसला लेंगे।
यशपाल बेनाम ने कहाकि आज से ठीक आठ साल पहले, 18 अक्टूबर को ही वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। संयोग से आठ साल बाद 18 अक्टूबर को ही उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े विभिन्न नेताओं के बीच उन्हें सही ढंग से समझने का प्रयास नहीं किया गया। इसके चलते वह भाजपा में घुटन महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की परिस्थितियों में जीने की आदत नहीं है, इसलिए उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक सफर हमेशा अपने सिद्धांतों और स्वतंत्र विचारधारा के साथ आगे बढ़ा है। वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते रहे। जनता के समर्थन से जीत भी हासिल की। बेनाम के अनुसार, उनके पास जो राजनीतिक क्षमताएं हैं, उन्हीं के दम पर उन्होंने चुनावों में अपनी पहचान बनाई, लेकिन भाजपा में आठ साल बिताने के बावजूद पार्टी ने उनकी क्षमताओं का समुचित उपयोग नहीं किया।
यशपाल बेनाम पौड़ी की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2007 में वह पौड़ी विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा वह दो बार निर्दलीय और एक बार भाजपा के टिकट पर नगरपालिका अध्यक्ष भी रह चुके हैं। निर्दलीय राजनीति से अपनी पहचान बनाने वाले बेनाम का स्थानीय राजनीति में प्रभाव रहा है। उनके भाजपा छोड़ने के फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पौड़ी जनपद की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह भविष्य में किस राजनीतिक दल के साथ जाएंगे या फिर एक बार निर्दलीय राजनीति का रास्ता चुनेंगे। यशपाल बेनाम ने फिलहाल अपने अगले कदम को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक भविष्य को लेकर वह जल्द ही निर्णय लेंगे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×