सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में मानव–वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। धारचूला के जयकोट गांव में तीन भालुओं ने अचानक एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। 35 वर्षीय नरेंद्र सिंह को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर परिजनों की मांग पर प्रशासन ने हेली सेवा के माध्यम से हल्द्वानी स्थित एसटीएच में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है और आईसीयू में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र सिंह पैदल रूंग गांव की ओर जा रहे थे, तभी दोपहर को लंकारी तोकके पास तीन भालू उन पर टूट पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के मजदूर मौके पर पहुंचे और भालुओं को खदेड़कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल सके।
इसी क्षेत्र में पौड़ी रेंज में गुलदार के हमले में एक महिला भी घायल हुई है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार बढ़ रही घटनाओं ने ग्रामीणों में भय का माहौल बना दिया है।
पिछले पखवाड़े में यह जयकोट में तीसरा हमला है। सात दिनों में भालुओं ने दो बार हमला किया, जिसमें पहले 14 नवंबर को घास काटने गईं नारु देवी और मीना देवी घायल हुई थीं।
भट्टी गांव में भी भालुओं की गतिविधियाँ बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि भालू प्राथमिक विद्यालय के रास्ते से गांव में दिखाई दे रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है।
वन क्षेत्राधिकारी बालम सिंह अल्मिया ने बताया कि टीम को घटना स्थल भेज दिया गया है और पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, बेरीनाग क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik