मा0 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा समाज कल्याण विभाग के तत्वाधान में दिव्यांग और वृद्धजनों को दैनिक जीवन में उपयोगी सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 04 से 11 दिसंबर तक विभिन्न स्थानों पर वृहद शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा और चिकित्सा जांच के आधार पर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप व्हीलचेयर, वॉकर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, ट्राईसाइकिल सहित अन्य सहायक उपकरणों की पहचान की जाएगी। चिन्हित लाभार्थियों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिविरों की शुरुआत 04 दिसंबर को रायपुर ब्लॉक सभागार से होगी। इसके बाद कार्यक्रम का क्रम इस प्रकार रहेगा:
05 दिसंबर: सहसपुर ब्लॉक सभागार
06 दिसंबर: विकास नगर पंचायत भवन, सभावाला
07 दिसंबर: डोईवाला मिलन केंद्र, दुधली
09 दिसंबर: नगर निगम, ऋषिकेश सभागार
10 दिसंबर: मसूरी नगर पालिका सभागार
11 दिसंबर: सहिया (कालसी) सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज
शिविरों में आवेदकों का परीक्षण राष्ट्रीय वयोश्री योजना (वृद्धजन) और एडिप योजना (दिव्यांगजन) के अंतर्गत किया जाएगा। दिव्यांगजन अपने UDID कार्ड की कॉपी और ग्राम प्रधान, सभासद या पार्षद द्वारा जारी मासिक आय प्रमाण पत्र (₹22,500) लेकर आएं। वहीं वृद्धजन अपने आधार कार्ड की कॉपी और प्रधान द्वारा जारी मासिक आय प्रमाण पत्र (₹15,000) के साथ उपस्थित होंगे।
समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि भारत सरकार की एडिप योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के 60 वर्ष से अधिक वृद्धजन इस शिविर के माध्यम से पंजीकृत किए जाएंगे और उन्हें निशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि देहरादून जनपद में सात शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक ब्लॉक और नगर पालिका क्षेत्र शामिल हैं। इन शिविरों के माध्यम से जनपद के वृद्धजन और दिव्यांगजन आसानी से पंजीकृत हो सकेंगे और आवश्यक सहायक उपकरण प्राप्त कर सकेंगे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik