रूद्रपुर। 14/3 ब्लॉक-एफ, जज फार्म हल्द्वानी निवासी उमेश कुमार वाष्णेय ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, रूद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उनके बैंक खाते से 12 से 14 दिसंबर 2025 के बीच 22,93,001 रुपये उड़ा लिए गए।
उमेश कुमार ने बताया कि 14 दिसंबर की शाम को उनके मोबाइल पर विभिन्न ओटीपी और मैसेज आए, जिनमें कुछ ड्रीम 11 से संबंधित थे। शुरुआत में उन्होंने इन्हें नजरअंदाज किया, लेकिन बाद में देखा कि उनके खाते से पैसे कट गए हैं। उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क कर खाता लॉक कराया।
बैंक में जाकर स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि उनके खाते से 21 लाख रुपये की एफडी राशि और 83,855 रुपये ब्याज सहित कुल रकम निकाल ली गई। रकम आईएमपीएस, आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई।
पीड़ित ने बताया कि यह धोखाधड़ी उनके मोबाइल में स्थापित फर्जी एप्लीकेशन “आरटीओ चालान” के कारण हुई। साइबर अपराधियों ने इस एप के जरिए फोन का अनधिकृत एक्सेस प्राप्त कर बैंक खाते में लेन-देन किया और बैंक मेल आईडी बदल दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर ठगों की धरपकड़ के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik