ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 09, 2026 06:59 PM IST
  • Updated: February 09, 2026 07:01 PM IST
उत्तराखंड

सीएम धामी से मिले सीबीएफसी अध्यक्ष प्रसून जोशी, उत्तराखंड में फिल्म और संस्कृति पर हुई चर्चा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष, प्रख्यात लेखक, कवि एवं गीतकार श्री प्रसून जोशी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान साहित्य, सिनेमा, कला और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।

मुख्यमंत्री ने श्री प्रसून जोशी के साहित्य और सिनेमा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका रचनात्मक कार्य देश की सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देता है। बैठक में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला, लोक संगीत और राज्य में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण और शूटिंग के लिए अनुकूल केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए फिल्म नीति के माध्यम से निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं और नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

सीबीएफसी अध्यक्ष के रूप में श्री प्रसून जोशी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने भविष्य में उत्तराखंड में सिनेमा, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार के लिए सहयोग की अपेक्षा भी जताई।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×